बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ की मासिक बैठक छिन्दगढ़ में संभागीय अध्यक्ष जी.एस. पांडे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिला अध्यक्ष सुखनाथ सिंह जैन एवं ब्लॉक सचिव एस.एस. परिहार द्वारा संभाग से पधारे पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। ब्लॉक सचिव परिहार ने बताया कि संघ पेंशनरों के हितों एवं उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव कटिबद्ध है। संभागीय अध्यक्ष के निरंतर प्रवास एवं प्रोत्साहन से अकेले सुकमा जिले में संघ के सदस्यों की संख्या 170 हो गई है।
संभागीय अध्यक्ष जी.एस. पांडे ने कहा कि संघ प्रान्ताध्यक्ष डॉ. पी. मनहर के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में पेंशनरों के हित में सतत संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों की प्रमुख मांग में निर्धारित अवधि से देय महंगाई भत्ता एवं पिछले बकाया महंगाई भत्ते की राशि का भुगतान करना है।
मांगों को लेकर संघ, छ.ग. पेंशन फोरम के साथ मिलकर रायपुर में कई बार सांकेतिक प्रदर्शन कर चुका है तथा आगामी 30 अक्टूबर 2026 को भी बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है।
श्री पांडे ने जानकारी दी कि 80 वर्ष से अधिक के सुपर सीनियर सिटीजन के लिए छ.ग. सरकार ने राज्य परिवहन की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी है। इस हेतु पात्र पेंशनर परिवहन कार्यालय से संपर्क कर अपना आई.डी. कार्ड बनवा लें। साथ ही सभी पेंशनर नवंबर माह में अनिवार्य रूप से अपना जीवन प्रमाण पत्र संबंधित बैंक में जमा कर दें, ताकि पेंशन भुगतान में कोई बाधा न आए। बैंकों में इसके लिए पृथक काउंटर की व्यवस्था की है।
बैठक को कार्यकारी अध्यक्ष के.आर. रात्रे, संगठन सचिव हीरामन कुकड़े, सचिव अनंत महतो, सुकमा जिला सचिव जे. लक्ष्मी नारायण एवं कोषाध्यक्ष राम सिंह ठाकुर ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन ब्लाक सचिव जयराज सिंह ने किया।