बस्तर
जगदलपुर, 11 अक्टूबर। एनएमडीसी स्टील प्लांट नगरनार के कर्मचारियों के लिए एरियर्स के बाद बोनस की घोषणा ने खुशियों की सौगात दी है। 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित द्विपक्षीय बैठक में बोनस की घोषणा किए जाने के बाद कर्मचारियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। बोनस की राशि 2.25 लाख रुपये बताई गई है।
कार्यालय सचिव विश्वास जोएल ने जानकारी देते हुए बताया कि फेडरेशन और स्थानीय श्रमिक संगठनों के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप कर्मचारियों को पहले एरियर्स का लाभ मिला और इसके तुरंत बाद बोनस की घोषणा की गई। उन्होंने इसे कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस उपलब्धि में स्टील श्रमिक यूनियन नगरनार के अध्यक्ष जयकिशोर चालकी और महासचिव जितेंद्र नाथ की अहम भूमिका रही। वहीं, संयुक्त इस्पात मजदूर संगठन के अध्यक्ष संतराम सेठिया और महासचिव रमेश कश्यप का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
श्रमिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से बोनस की घोषणा होने पर कर्मचारियों में उत्साह देखा जा रहा है। कर्मचारियों को उम्मीद है कि भविष्य में भी संगठन इसी तरह उनके हितों, अधिकारों और आर्थिक लाभों के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठाते रहेंगे।
बोनस की घोषणा को कर्मचारियों के लिए राहत और श्रमिक संगठनों के प्रयासों की सफलता के रूप में देखा जा रहा है।