बस्तर

बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए प्रदेशभर से उठे मदद के हाथ
11-Oct-2026 9:41 PM
बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए प्रदेशभर से उठे मदद के हाथ

छ.ग. पिछड़ा वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ ने बांटी राहत सामग्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 11 अक्टूबर। गत दिनों इंद्रावती नदी में आई भयंकर बाढ़ से बस्तर जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हजारों परिवारों का सर्वस्व इस आपदा में बर्बाद हो गया। इस कठिन घड़ी में बस्तर की आम जनता के साथ-साथ पूरे प्रदेश से मानवता की मिसाल पेश करते हुए दानदाताओं ने पीडि़तों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।

इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ ने मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। संघ के जिलाध्यक्ष तुलादास मानिकपुरी के मार्गदर्शन में संघ की टीम ने बस्तर जिले के सर्वाधिक प्रभावित विकासखंडों जगदलपुर, बकावंड, बस्तर और लोहांडीगुड़ा के बाढग़्रस्त ग्रामों में पहुंचकर राहत कार्य किया। संघ द्वारा प्रभावित परिवारों को आवश्यक कपड़े, राशन सामग्री, भोजन, नाश्ता तथा बच्चों के लिए पाठ्य सामग्री किट का वितरण किया गया।

प्रदेशभर के दानदाताओं ने दिया सहयोग

संघ के इस सेवा कार्य में बस्तर जिले के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी दिल खोलकर सहयोग मिला। जिसमे जांजगीर-चांपा जिले की बीबी फातिमा ह्यूमैनिटी फाउंडेशन द्वारा 8 पैकेट कपड़े एवं राहत सामग्री प्रेषित की गई। इसी प्रकार से डॉ. रंजीता राज, जिला सक्ती, संदेश अग्रवाल, जिला कोरबा, मनीष साहू, जिला दुर्ग के द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इसके अलावा बस्तर जिले के अनेक स्थानीय दानदाताओं ने भी बड़ी मात्रा में राहत सामग्री संघ को उपलब्ध कराई, जिसे संघ ने सीधे पीडि़त परिवारों तक पहुंचाया।

संघ के जिला सचिव नीलमणी साहू एवं जिला कोषाध्यक्ष मनीष अहीर ने सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, आपदा की इस घड़ी में बस्तर की जनता के साथ स्थानीय और प्रदेशभर से जिस तरह सम्मान और सहयोग मिला है, उसके लिए बस्तरवासी सदैव सभी दानदाताओं के आभारी रहेंगे।

 संघ भविष्य में भी पीडि़त मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहेगा।


अन्य पोस्ट