बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 8 अक्टूबर। वर्तमान भारतीय जनता पार्टी सरकार के आदिवासी मंत्री केदार कश्यप द्वारा कल जगदलपुर में सेवा ज्योति यात्रा के दौरान आदिवासी माडिय़ा जाति के नाम से स्थापित माडिय़ा चौक का नाम बदलकर ‘विकसित भारत चौक’ किए जाने पर आदिवासी कोया समाज में आक्रोश व्याप्त है।
समाज का कहना है कि माडिय़ा चौक का नाम बदलने से पहले एक बार भी यह महसूस नहीं किया गया कि इस चौक का नाम माडिय़ा चौक के रूप में किन कारणों से रखा गया था, इसकी महत्ता क्या है और किन महान बलिदानों के परिणामस्वरूप बस्तर की माडिय़ा आबादी की पहचान से जुड़े इस चौक को यह नाम मिला।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि मंत्री स्वयं आदिवासी वर्ग से आते हैं और आदिवासी आरक्षण के माध्यम से संवैधानिक पद पर पहुंचे हैं। इसके बावजूद आदिवासियों की कुर्बानियों, उनकी पहचान, अनूठी सभ्यता, परंपराओं और उनके नाम से बनी स्मारकों की पहचान को बदलना दुर्भाग्यपूर्ण है। समाज ने आरोप लगाया कि एक समुदाय की पहचान को मिटाकर उसके बुनियादी अस्तित्व पर प्रहार किया जा रहा है।
समाज के लोगों ने कहा कि माडिय़ा चौक सरकार द्वारा बनाई गई कोई ऐसी संपत्ति नहीं है, जिसका नाम जब चाहे बदला जा सके। यह पहचान हमारे पूर्वजों के संघर्ष, समर्पण और बलिदान से मिली है। बस्तर की माटी की रक्षा के लिए हमारे पूर्वजों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उसी इतिहास और पहचान के प्रतीक के रूप में माडिय़ा चौक स्थापित है।
समाज ने बस्तर के इतिहास में कोया-माडिय़ा समाज के योगदान को याद करते हुए कहा कि बस्तर दशहरा की परंपराओं में आज भी माडिय़ा समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके अलावा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए बस्तर में हुए विभिन्न संघर्षों में माडिय़ा आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में उनकी पहचान से जुड़े चौक का नाम बदलना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
कलेक्टर, संभागायुक्त और नगर निगम को सौंपा ज्ञापन
माडिय़ा चौक का नाम यथावत रखने की मांग को लेकर कलेक्टर, आयुक्त बस्तर संभाग एवं नगर निगम जगदलपुर को समाज की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन से नाम परिवर्तन के निर्णय पर तत्काल रोक लगाने तथा माडिय़ा चौक का नाम पूर्ववत रखने की मांग की गई।
इस दौरान कोया कुटमा संभागीय अध्यक्ष हिड़मो मंडावी ने भी नाम परिवर्तन की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि माडिय़ा चौक आदिवासी समाज की ऐतिहासिक पहचान और पूर्वजों के योगदान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर चौक का नाम यथावत रखने की मांग की। इस अवसर पर कोया कुटमा संभागीय अध्यक्ष हिड़मो मंडावी, जिला अध्यक्ष देवदास कश्यप, सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष गंगा नाग, कोया कुटमा समाज युवा प्रभाग अध्यक्ष गंगा होड़ी, पीताम्बर कवासी, गणेश नाग, मंगतू सहित समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।