बस्तर
माई के शिल्पकारों के साथ खड़े हुए कुमार जयदेव, बुजुर्ग कारीगरों को 50 हजार की मदद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 7 अक्टूबर। बस्तर दशहरा का विजय रथ महज लकड़ी, रस्सी और कीलों से तैयार नहीं होता, बल्कि इसके पीछे पीढिय़ों से चली आ रही आस्था, परंपरा और निस्वार्थ सेवा की कहानी जुड़ी है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने झाड़उमरगांव और बेड़ाउमरगांव से पहुंचे बुजुर्ग बढ़ई कारीगर इन दिनों दिन-रात रथ निर्माण में जुटे हैं।
60 से 70 वर्ष की उम्र में भी हथौड़ी थामे इन कारीगरों की मेहनत को सम्मान देने सुकमा जमींदार परिवार के सदस्य कुमार जयदेव उनके बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।
रथ निर्माण स्थल पर कारीगरों ने बताया कि बारिश और बाढ़ के कारण इस वर्ष वे करीब आठ दिन विलंब से जगदलपुर पहुंच सके। प्रशासन की ओर से राशन-पानी की व्यवस्था तो मिल रही है, लेकिन महंगाई के दौर में रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर कुछ परेशानी बनी हुई है। कारीगरों की यह बात सुनकर कुमार जयदेव ने तत्काल 50 हजार रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने दशहरा की परंपरा के अनुसार कारीगरों के लिए बकरे की व्यवस्था कराने तथा रोज सुबह गर्म नाश्ता उपलब्ध कराने की भी बात कही।
आप मजदूर नहीं, मेरे परिवार हैं
कारीगरों से संवाद करते हुए कुमार जयदेव ने कहा कि वे यहां मजदूरी करने नहीं, बल्कि माई दंतेश्वरी की सेवा करने आए हैं। उन्होंने कहा कि कारीगर खुद को अकेला न समझें। उनका सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करना समाज की जिम्मेदारी है।