बस्तर

कांग्रेस ने सीईसी का पुतला फूंका
05-Oct-2026 10:39 PM
कांग्रेस ने सीईसी का पुतला फूंका

जगदलपुर, 5 अक्टूबर। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को निर्वाचन आयोग की कथित निष्पक्षता, मतदाता सूची में अनियमितताओं और एसआईआर प्रक्रिया में प्रशासनिक लापरवाही के विरोध में प्रदर्शन किया गया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य एवं ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग पर चुनावी अनियमितताओं की अनदेखी और पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि निर्वाचन आयोग लोकतंत्र का प्रमुख स्तंभ है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में उसकी निष्पक्षता, पारदर्शिता और स्वायत्तता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण  के दौरान कई स्थानों पर प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटने और फर्जी नामों के शामिल होने की शिकायतों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी वास्तविक मतदाता को प्रशासनिक लापरवाही के कारण अपने मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

मौर्य ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें) अधिनियम, 2023 को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कानून को निरस्त करने और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग करती है। साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने तथा चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

कांग्रेस ने आगामी चुनावों में ईवीएम के साथ वीवीपैट की पर्चियों के शत-प्रतिशत मिलान, मतदाता सूची पुनरीक्षण में कथित गड़बडिय़ों की स्वतंत्र न्यायिक जांच तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

सुशील मौर्य ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का निर्वाचन प्रक्रिया पर विश्वास सर्वोपरि है। यदि कांग्रेस की इन मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन को और व्यापक करेगी।

प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, विक्रम सिंह डांगी, पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, पूर्व सभापति कविता साहू, कोमल सेना, महामंत्री अभिषेक नायडू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, संतोष सेठिया, फूलसिंह बघेल, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष शुभम यदू, अनवर खान, बबली खान, अपर्णा बाजपेई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट