बस्तर

बाढ़ प्रभावित परिवारों को विधायक गोयल ने वितरित किए राहत सामग्री
30-Sep-2026 10:13 PM
 बाढ़ प्रभावित परिवारों को विधायक गोयल ने वितरित किए राहत सामग्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 30 सितंबर। लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बुधवार को लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं गांवों में राहत सामग्री का वितरण किया गया। चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उन्हें आवश्यक राहत सामग्री प्रदान की और प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

बाढ़ के कारण कई परिवारों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। ऐसे समय में प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक ने स्वयं प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान ग्राम पंचायत टाकरागुड़ा में 60 कंबल, ग्राम पंचायत बड़ाजी में 64 त्रिपाल, चन्दरपुर में 70 गंजी-बर्तन, चित्रकोट के बहारगुड़ा पारा में 60 कंबल, उसरी बेड़ा में 46 कंबल तथा धाराऊर चित्रकोट में 77 कंबल बाढ़ प्रभावित परिवारों को वितरित किए गए। इस प्रकार कुल 243 कंबल, 70 गंजी-बर्तन एवं 64 त्रिपाल का वितरण किया गया। विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, उनकी जानकारी लगातार ली जा रही है। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित स्तर तक पहुंचाने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में वे अकेले नहीं हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, नरसिंह ठाकुर, लच्छिन यादव, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शिवनंदन पेगड़, नरेश कापड़े, तुलुराम कश्यप, सीताराम मण्डावी, सरपंच भरत कश्यप, लखन ठाकुर, बालसिंह ठाकुर, मिटकु राम बघेल, तरूण पाणीग्राही एवं अन्य जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट