बस्तर

अनुसूचित क्षेत्र के शिक्षकों को 10 दिन का अतिरिक्त अर्जित अवकाश
30-Sep-2026 3:10 PM
अनुसूचित क्षेत्र के शिक्षकों को 10 दिन का अतिरिक्त अर्जित अवकाश

टीचर्स एसो. की मांग पर

जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश, शिक्षकों में खुशी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 30 सितंबर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन की मांग पर बस्तर जिला प्रशासन एवं जिला शिक्षा विभाग ने अनुसूचित क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत अनुसूचित क्षेत्र के शिक्षकों को 10 दिनों का अतिरिक्त अर्जित अवकाश प्रदान किया जाएगा। आदेश जारी होने के बाद जिले के शिक्षकों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

टीचर्स एसोसिएशन की ओर से लंबे समय से अनुसूचित क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों को अतिरिक्त अर्जित अवकाश का लाभ दिए जाने की मांग रखी जा रही थी। एसोसिएशन की मांग पर जिला प्रशासन ने सहमति जताते हुए त्वरित कार्रवाई की और जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने इस निर्णय के लिए बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा एवं जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया है। पदाधिकारियों ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्र में सेवाएं दे रहे शिक्षकों के हित में लिया गया यह निर्णय उनके कार्य के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

आदेश जारी होने पर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष डॉ. लुदरसन कश्यप, जिला सचिव मोहम्मद ताहिर शेख, जिला कोषाध्यक्ष अमित पाल, मनीष अहीर, जिला प्रवक्ता तुलादास मानिकपुरी, प्रदेश आईटी सेल नीलमणी साहू, जिला संगठन मंत्री ओमप्रकाश पटेल सहित जिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों राजेश देशमुख, सितेंद्र कुमार साहू, डोमेश्वर सिंह साहू एवं अन्य पदाधिकारियों ने डीईओ बीआर बघेल को बधाई दी।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग शिक्षकों की समस्याओं एवं मांगों के निराकरण के लिए इसी तरह सकारात्मक पहल करते रहेंगे।


अन्य पोस्ट