बस्तर

कलेक्टर-एसपी ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
27-Sep-2026 3:17 PM
कलेक्टर-एसपी ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 27 सितंबर। जिले में लगातार भारी बारिश के चलते उपजे बाढ़ के हालातों के बीच प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट होकर प्रभावितों को राहत प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने लगातार दूसरे दिन भी प्रभावित इलाकों का सघन भ्रमण कर जमीनी स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने डोंगाघाट और आसना समेत जलभराव से प्रभावित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का मुआयना किया। मार्गों पर जलभराव और अवरोधों के बावजूद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का प्रत्यक्ष जायजा लिया। 

अपने सघन भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने पनारापारा स्थित राहत शिविर में बाढ़ पीडि़तों के लिए की गई ठहरने की व्यवस्था सहित भोजन, पेयजल और चिकित्सा से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और राहत कार्य तत्परता से जारी रहें।

इसके साथ ही प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क रहने, उफनते नदी-नालों तथा जलमग्न पुल-पुलियों को पार नहीं करने एवं जल भराव क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है, जबकि पुलिस और प्रशासनिक तंत्र चौबीसों घंटे स्थिति पर निरंतर सजगता के साथ निगरानी बनाए हुए है।


अन्य पोस्ट