बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 25 सितंबर। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। कई क्षेत्रों में लोगों के घरों एवं आसपास पानी भर जाने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसी विषम परिस्थितियों में प्रभावित लोगों की मदद के लिए कांग्रेस पार्टी ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री एवं आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान लोगों को भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। जिन क्षेत्रों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहां पहुंचकर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि लगातार बारिश के कारण शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ऐसे समय में राजनीति से ऊपर उठकर जरूरतमंद लोगों की सहायता करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचें और उनकी आवश्यकताओं के अनुसार हरसंभव सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण जिन परिवारों के सामने भोजन एवं दैनिक जरूरतों को लेकर परेशानी उत्पन्न हुई है, उन्हें तत्काल राहत पहुंचाना प्राथमिकता है। कांग्रेस का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार इस कठिन परिस्थिति में खुद को अकेला महसूस न करे। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जलभराव प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।
साथ ही आवश्यकता पडऩे पर प्रशासन तक उनकी समस्याएं पहुंचाने तथा राहत कार्यों में सहयोग करने की बात कही। इस दौरान अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास, गौरी, जुबैदा बेगम,खीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।