बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 20 सितंबर। बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए 12 पत्रकारों का मीडिया प्रतिनिधिमंडल आज पुणे और मुंबई के सात दिवसीय राष्ट्रीय अध्ययन दौरे पर रवाना हुआ। भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय रायपुर द्वारा आयोजित इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य क्षेत्रीय पत्रकारों को देश के प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, सामरिक अनुसंधान संस्थानों, नागरिक प्रशासन, स्वास्थ्य सेवाओं, रक्षा तैयारियों तथा औद्योगिक और समुद्री बुनियादी ढांचे से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है।
प्रतिनिधिमंडल रविवार को पुणे पहुंचा, जहां से अध्ययन दौरे के पहले चरण की शुरुआत हुई। 21 सितंबर को पत्रकारों का दल खडक़वासला स्थित केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान स्टेशन का भ्रमण करेगी। यहां पर इस दल के सदस्य बाढ़ प्रबंधन, बांध सुरक्षा आकलन और बड़े पैमाने पर जल संसाधन नियोजन में भौतिक एवं गणितीय मॉडलिंग के उपयोग की जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान भारत पुणे का दौरा करेगा, जहां आधुनिक मीडिया प्रौद्योगिकी, फिल्म एवं टेलीविजन निर्माण, प्रसारण व्यवस्था तथा डिजिटल मीडिया प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
वहीं 22 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल पुणे के प्रमुख सार्वजनिक उत्सव गणेशोत्सव के दौरान नागरिक प्रशासन, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का अध्ययन करेगा। इसके बाद पत्रकार अकुरडी स्थित भारतीय प्राणी सर्वेक्षण के पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र का दौरा करेंगे, जहां जैव विविधता के दस्तावेजीकरण, प्राणी अध्ययन और पारिस्थितिकी संरक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त करेंगे।