बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 सितंबर। बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा ने शनिवार को रक्षित केंद्र जगदलपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने परेड में हिस्सा लिया। आईजी ने परेड का निरीक्षण कर जवानों के टर्नआउट, अनुशासन और शारीरिक दक्षता की सराहना की तथा पुलिस बल को उच्च स्तर की तत्परता और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार सहित केशलूर, भानपुरी और लोहंडीगुड़ा के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान आईजी ने रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शस्त्रागार (आर्मरी), परिवहन शाखा (एमटी सेक्शन), स्टोर सहित अन्य शाखाओं में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान साफ-सफाई, रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आईजी बद्री नारायण मीणा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मचारियों के कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। आईजी ने पुलिस बल को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सदैव मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने तथा उच्च स्तरीय अनुशासन बनाए रखने की अपेक्षा की।