बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 14 सितंबर। आगामी गणेशोत्सव एवं विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली पुलिस द्वारा गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं आयोजकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली परिसर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सीएसपी जगदलपुर सुमित कुमार धोत्रे ने की, जबकि थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर सहित गणेश समितियों के पदाधिकारी एवं आयोजक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान गणेश पंडालों की सुरक्षा और आगामी विसर्जन रैली को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस ने समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फायर सेफ्टी और विद्युत सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और स्थल का पालन करने तथा रैली के दौरान यातायात व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का संचालन प्रचलित नियमों, सक्षम प्राधिकारी के आदेशों और न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने समितियों को अश्लील, आपत्तिजनक एवं फूहड़ गीतों के प्रयोग से बचने तथा विसर्जन रैली में किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन, खतरनाक स्टंट अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां नहीं करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए समितियों को पर्याप्त संख्या में जिम्मेदार स्वयंसेवकों की नियुक्ति करने तथा पंडाल एवं विसर्जन मार्ग के आसपास स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
बैठक में गणेश समितियों के पदाधिकारियों ने पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बस्तर पुलिस ने आमजन एवं सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि गणेशोत्सव को श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाएं तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।