बस्तर

रोफरा रावबेडामारी बना ग्राम सभाओं के अध्ययन और सीख का केंद्र
07-Sep-2026 3:25 PM
रोफरा रावबेडामारी बना ग्राम सभाओं के अध्ययन और सीख का केंद्र

मोहपाल-बड़ेडोंगर की 12 सदस्यीय अध्ययन टीम ने किया एक्सपोजऱ विजिट

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 7 सितंबर।  फरसगांव तहसील अंतर्गत ग्राम सभा मोहपाल-बड़ेडोंगर से 12 सदस्यीय अध्ययन दल ने शनिवार को रोफरा ग्राम सभा रावबेडामारी का एक दिवसीय अध्ययन एवं एक्सपोजऱ विजिट किया। इस दौरान दल ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, निर्णय प्रक्रिया, दस्तावेजी व्यवस्था, पारदर्शिता, स्थानीय स्वशासन तथा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन का प्रत्यक्ष अध्ययन किया।

अध्ययन दल ने ग्राम सभा कार्यालय में कार्यवाही एवं उपस्थिति पंजी, ग्राम सभा प्रस्ताव, वित्तीय अभिलेख, विभिन्न समितियों के दस्तावेज तथा ष्टस्नक्र से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। इसके बाद जंगल भ्रमण कर सामुदायिक वन संसाधन अधिकार, जंगल संरक्षण, पौधरोपण, प्राकृतिक पुनर्जनन, जलस्रोत संरक्षण एवं सामुदायिक वन प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों को समझा। इस दौरान ग्रामीणों और ग्राम सभा प्रतिनिधियों के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान भी किया गया।

पेसा कानून और वन अधिकारों पर हुई चर्चा

अध्ययन के दौरान पेसा कानून 1996, छत्तीसगढ़ पेसा नियम 2022, वन अधिकार मान्यता अधिनियम 2006 एवं ग्राम सभा नियम 2025 सहित सामूहिक निर्णय प्रक्रिया, सामुदायिक भागीदारी तथा महिला एवं युवा सहभागिता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। ग्राम सभा के समक्ष आने वाली चुनौतियों और उनके स्थानीय स्तर पर समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी साझा किया गया। अध्ययन दल के सदस्यों ने कहा कि रोफरा ग्राम सभा के अनुभवों से पारदर्शी कार्यप्रणाली, सामूहिक निर्णय, मजबूत दस्तावेजी व्यवस्था तथा प्राकृतिक संसाधनों के सामुदायिक प्रबंधन को बेहतर बनाने की महत्वपूर्ण सीख मिली है। इन अनुभवों को अपने गांव की स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

‘सीखें, अनुभव लेकर जाएं और गांव में बदलाव लाएं’

रोफरा ग्राम सभा रावबेडामारी की ओर से अध्ययन एवं सीखने के उद्देश्य से आने वाले ग्राम सभा प्रतिनिधियों और अध्ययन दलों का स्वागत किया गया। ग्राम सभा प्रतिनिधियों ने कहा कि एक गांव की अच्छी व्यवस्था दूसरे गांव के लिए सीख का माध्यम बन सकती है। अनुभवों को साझा करना, सफल प्रयासों से सीखना और उन्हें स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लागू करना मजबूत ग्राम सभा एवं प्रभावी स्थानीय स्वशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

ग्राम सभा की ओर से आगंतुक दल से अपेक्षा व्यक्त की गई कि वे रोफरा में प्राप्त अनुभवों, सफल प्रयासों, चुनौतियों और सीख को अपने-अपने गांवों तक पहुंचाएं तथा ग्राम सभा की एकता, सामूहिक निर्णय, पारदर्शिता, पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, वन अधिकारों की समझ और प्राकृतिक संसाधनों के सामुदायिक संरक्षण को मजबूत करने में योगदान दें।

रोफरा ग्राम सभा रावबेडामारी ने कहा कि यह केवल एक एक्सपोजऱ विजिट नहीं, बल्कि गांव-गांव के बीच अनुभव, विचार और सीख का सेतु है।

 इस अवसर पर मोहपाल-बड़ेडोंगर के 12 सदस्यीय अध्ययन दल सहित सभी आगंतुकों का ग्राम सभा की ओर से आभार व्यक्त किया गया।


अन्य पोस्ट