बस्तर
जगदलपुर, 2 सितंबर। बस्तर संभाग शौंडिक समाज भवन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ के द्वितीय दिवस श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करने के लिए शौंडिक समाज की माता-बहनों सहित समाज के सदस्यों एवं नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा स्थल पर पूरे समय भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
श्रीधाम वृंदावन से पधारे प्रेममूर्ति पूज्य पंडित अनादि जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जा रहा है। कथा के द्वितीय दिवस पूज्य महाराज जी ने ज्ञान, भक्ति और वैराग्य के प्रसंग का अत्यंत सरल एवं भावपूर्ण ढंग से वर्णन किया।
पूज्य महाराज जी ने कहा कि मनुष्य के जीवन में ज्ञान, भक्ति और वैराग्य तीनों का समन्वय होना आवश्यक है। केवल ज्ञान जीवन को पूर्णता प्रदान नहीं करता और केवल भक्ति भी तब तक सार्थक नहीं होती, जब तक जीवन में विवेक एवं वैराग्य का भाव न हो। ज्ञान हमें सत्य का बोध कराता है, भक्ति हमें ईश्वर से जोड़ती है और वैराग्य हमें संसार में रहते हुए भी मोह-माया से ऊपर उठकर जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ज्ञान से जीवन में विवेक, भक्ति से हृदय में प्रेम और वैराग्य से जीवन में संयम एवं शांति आती है। इन तीनों को साथ लेकर चलना ही मानव जीवन के वास्तविक मर्म को समझने का मार्ग है।