बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 सितम्बर। कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा कक्ष में साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। इस जनदर्शन में कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले के दूरदराज के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से सीधा और आत्मीय संवाद स्थापित किया। यहां पहुंचे प्रत्येक नागरिक की शिकायतों और मांगों को कलेक्टर ने पूरी गंभीरता से सुना और उनसे संबंधित दस्तावेजों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। इस दौरान जनदर्शन में विभिन्न जनसमस्याओं और मांगों से जुड़े कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त सभी 22 आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री छिकारा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्रस्तुत प्रत्येक प्रकरण को प्राथमिकता पर रखा जाए। उन्होंने नागरिकों के आवेदन का समय-सीमा तय कर उनका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान धरातल पर सुनिश्चित करने कहा। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।