बस्तर

कारोबारियों को साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक
29-Aug-2026 10:22 PM
कारोबारियों को साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक

जगदलपुर, 29 अगस्त। छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत बस्तर पुलिस द्वारा बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जगदलपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चैंबर के पदाधिकारी एवं सदस्य रोटरी क्लब के सदस्य तथा विभिन्न व्यावसायिक एवं वाणिज्यिक संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जगदलपुर  शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे, साइबर पुलिस थाना निरीक्षक गौरव तिवारी एवं थाना कोतवाली प्रभारी लीलाधर राठौर सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

साइबर पुलिस थाना निरीक्षक गौरव तिवारी ने साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों और घटना होने पर तत्काल की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने तथा ओटीपी, पिन, सीवीवी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की।

नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे ने ओटीपी/केवाईसी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, निवेश एवं ट्रेडिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर तत्काल प्रतिक्रिया देने से बचने और किसी भी प्रकार की वित्तीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने चैंबर सदस्यों के सवालों का समाधान करते हुए कहा कि व्यापारिक संस्थानों की वित्तीय एवं डिजिटल सुरक्षा के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध की चुनौतियों और उनसे बचाव के उपायों को लेकर पुलिस एवं व्यापारिक समुदाय के बीच सार्थक संवाद हुआ।

सात सप्ताह तक चलेगा साइबर जागृति अभियान

छत्तीसगढ़ पुलिस का सात सप्ताह का साइबर जागृति अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में स्कूलों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वर्तमान चरण में बैंकों, वित्तीय संस्थानों और व्यावसायिक समुदाय को विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है।

साइबर सुरक्षा का मंत्र — रुको, सोचो, एक्शन लो

रुको: संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें। सोचो: ओटीपी, पिन, सीवीवी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। एक्शन लो: साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल बैंक को सूचित करें और 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता को अपनी सबसे बड़ी सुरक्षा बनाएं।


अन्य पोस्ट