बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 अगस्त। विकासखण्ड दरभा में गुरुवार को विकासखण्ड स्तरीय टैलेंट तिहार समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभाओं का अवलोकन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
इसी अवसर पर विकासखण्ड स्तरीय सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 389 साइकिलों का वितरण किया गया। विधायक विनायक गोयल ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
टैलेंट तिहार के दौरान विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में एकल गायन, सामूहिक गायन, चित्रकला, वाद्य यंत्र वादन, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, एकांकी नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कला-कौशल और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का वातावरण बना रहा।
विधायक विनायक गोयल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है।
ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने और उसे निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, खेल और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज और क्षेत्र के विकास की मजबूत आधारशिला है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा और विद्यार्थियों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।