बस्तर

बस्तर जिला महिला कांग्रेस ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज मिलन समारोह
28-Aug-2026 8:33 PM
बस्तर जिला महिला कांग्रेस ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज मिलन समारोह

छत्तीसगढ़ी संस्कृति और नारी शक्ति की दिखी अनुपम झलक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 28 अगस्त। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और आपसी प्रेम-सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर एवं ग्रामीण जिला महिला कांग्रेस द्वारा संयुक्त रूप से भव्य हरियाली तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत और नारी शक्ति की मनमोहक झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशासनिक महामंत्री मलकीत सिंह गैदू एवं पूर्व विधायक रेखचंद जैन की गरिमामय उपस्थिति रही। शहर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद एवं ग्रामीण जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर की अगुवाई में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों, नेत्रियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हरियाली तीज को छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, मातृशक्ति, पारिवारिक प्रेम और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बताते हुए समारोह में महिलाओं के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, पारंपरिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

महिलाओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और अपनत्व का माहौल बना रहा।

शहर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद ने कहा कि हरियाली तीज छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजन हमारी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, अधिकार, स्वाभिमान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

ग्रामीण जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा कि तीज मिलन हमारी संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का पर्व है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने भी महिलाओं को तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। इन्हें सहेजने और आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता के साथ संगठनात्मक एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।


अन्य पोस्ट