बस्तर

कोड़ेनार थाना में एकल अभियान की बहनों ने जवानों को बांधी राखी, सुरक्षा का लिया संकल्प
28-Aug-2026 8:32 PM
कोड़ेनार थाना में एकल अभियान की बहनों ने जवानों को बांधी राखी, सुरक्षा का लिया संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के पूर्व एकल अभियान की आचार्य बहनों एवं समिति के सदस्यों द्वारा कोड़ेनार थाना परिसर में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों को तिलक-चंदन लगाकर, आरती उतारकर एवं राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों और एकल अभियान की बहनों के बीच भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का भाव देखने को मिला। बहनों ने जवानों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।

इस अवसर पर कोड़ेनार थाना प्रभारी विजय पटेल ने कहा कि पुलिस जवानों और एकल अभियान की बहनों के बीच बना यह संबंध बेहद आत्मीय और स्नेहपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर लोग पुलिस को आवश्यकता पडऩे पर याद करते हैं, लेकिन जिस आत्मीयता के साथ एकल अभियान की बहनों ने जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया, वह पुलिस परिवार के लिए विशेष है।

थाना प्रभारी ने एकल अभियान की बहनों एवं समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस हमेशा समाज की सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है।

किसी भी परिस्थिति में पुलिस की आवश्यकता होने पर बेझिझक संपर्क करने की अपील करते हुए उन्होंने हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी विजय पटेल ने उपस्थित लोगों को बढ़ते साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम का समापन आपसी भाईचारे, विश्वास और समाज की सुरक्षा के संकल्प के साथ हुआ।


अन्य पोस्ट