बस्तर

वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण व गर्डलिंग, 13 आरोपी गिरफ्तार
27-Aug-2026 10:06 PM
वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण व गर्डलिंग, 13 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 27 अगस्त। बस्तर के माचकोट परिक्षेत्र में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और पेड़ों की गर्डलिंग करने वाले 13 आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल जगदलपुर दाखिल कराया गया है।

उप वनमण्डलाधिकारी (एसडीओ) जगदलपुर योगेश रात्रे के सतत निगरानी एवं नेतृत्व में परिक्षेत्र अधिकारी माचकोट प्रकाश देहारी तथा उनकी पूरी वन अमला टीम द्वारा क्षेत्र में निरंतर गश्त की जा रही थी। गश्त के दौरान माचकोट परिक्षेत्र अंतर्गत उप-परिक्षेत्र पूलचा के ग्राम गुरु गोठान (गोरो-गोठान) के आस-पास वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने और वृक्षों को गर्डलिंग(तने को छिल कर वृक्ष को मारना ) करने के मामले में संलिप्त 13 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया।

वन विभाग की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 13 आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया एवं आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत सक्षम न्यायालय के आदेश से सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षण में केंद्रीय जेल जगदलपुर दाखिल कराया गया है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुँचाने, अवैध कटाई अथवा वन भूमि पर अतिक्रमण करने वाले किसी भी असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट