बस्तर

टीईटी अनिवार्यता के विरोध में हजारों शिक्षकों की हुंकार, सौंपा ज्ञापन
25-Aug-2026 8:20 PM
टीईटी अनिवार्यता के विरोध में हजारों शिक्षकों की हुंकार, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 25 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षक संवर्ग की लंबित मांगों और विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर मंगलवार को बलरामपुर में विशाल आंदोलन एवं रैली का आयोजन किया गया। मोर्चा के बैनर तले जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे हजारों शिक्षकों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए टीईटी अनिवार्यता के विरोध में जोरदार हुंकार भरी और शासन के नाम ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार गुप्ता ने किया। विशाल सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक पवन सिंह ने कहा कि शिक्षक अपने जायज अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यदि शासन द्वारा समय रहते मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

मोर्चा द्वारा शिक्षा मंत्री, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव एवं संचालक लोक शिक्षण संचालनालय के नाम 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। इसमें 17 अगस्त 2012 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी अनिवार्यता से छूट देते हुए वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने तथा 17 अगस्त 2012 के बाद सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।

इसके अलावा शिक्षकों की पूर्व सेवा अवधि की गणना कर पूर्ण पेंशन का लाभ देने, वेतन विसंगति दूर कर केंद्रीय वेतनमान के आधार पर वेतन निर्धारण करने, 13 फरवरी 2026 के नए भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में मौजूद विसंगतियों को दूर अथवा नियमों को निरस्त करने तथा प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याता संवर्ग के लिए विभागीय बीएड ब्रिज कोर्स कराने की मांग रखी गई।आंदोलन के दौरान जिला संयोजक उपेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षकों की वर्षों पुरानी सेवा अवधि की गणना, वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी बाधाओं का शासन को तत्काल निराकरण करना चाहिए तथा शिक्षक हित में न्यायसंगत निर्णय लेना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रदेश सह सचिव हृषिकेश उपाध्याय, मणि यादव, जिला उपाध्यक्ष करण राम, जिला महामंत्री विशंभर दास, जिला कोषाध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला पदाधिकारी चंद्रशेखर, सीता राव भास्कर, सुफला टोप्पो, संजय गुप्ता, सत्यप्रकाश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अमित सोनी एवं मंगल राम सहित प्रांतीय, जिला और विकासखंड स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।

विकासखंड अध्यक्ष एवं ब्लॉक संचालकों सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिक्षक आंदोलन में शामिल हुए। शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की मांग की।


अन्य पोस्ट