बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 24 अगस्त। बस्तर जिले की थाना नगरनार पुलिस ने फारेस्ट नाका धनपुंजी के पास कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 24.545 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 12 लाख 27 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति थैला, प्लास्टिक बोरी और बैग में गांजा लेकर फारेस्ट नाका धनपुंजी के पास बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर नगरनार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 24.545 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान चुमन बघेल और बेनूधर कश्यप दोनों निवासी बस्तर के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गांजा ओडिशा से रायपुर ले जाने की तैयारी में थे। आरोपियों के खिलाफ थाना नगरनार में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।