बस्तर

3 किलो गांजा संग यूपी का आरोपी गिरफ्तार
22-Aug-2026 10:53 PM
3 किलो गांजा संग यूपी का आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 22 अगस्त। बस्तर जिले की थाना नगरनार पुलिस ने धनपुंजी आरटीओ नाका के पास एक युवक को 3 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पिठ्ठू बैग में अवैध गांजा लेकर धनपुंजी आरटीओ नाका के पास बस का इंतजार कर रहा है। सूचना पर नगरनार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रजत कुमार उत्तरप्रदेश बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर एक पैकेट में कुल 3 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तरप्रदेश जाने की तैयारी में था। आरोपी के खिलाफ थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 123/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट