बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 18 अगस्त। बस्तर, जो कभी नक्सल हिंसा के लिए जाना जाता था, आज बदलाव और विकास की नई कहानी लिख रहा है। बस्तर के नेतानार गांव में स्थापित शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा जन सुविधा केंद्र ग्रामीणों, खासकर महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और हुनर को निखारने का नया माध्यम बन रहा है।
सेवा डेरा में महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं और युवतियों को विभिन्न पारंपरिक एवं आजीविका आधारित गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां सिलाई, ढेकी से चावल तैयार करना और इमली की चपाती बनाने जैसी गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय हुनर को रोजगार से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
छोटेमुरमा की रहने वाली इंद्रकांति सेठिया सिलाई का प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले वह घर पर रहकर घरेलू काम करती थीं, जबकि उनके पति खेती करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें लगा कि उन्हें भी कुछ काम सीखना चाहिए। गांव की महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से उन्हें सेवा डेरा में सिलाई प्रशिक्षण के बारे में जानकारी मिली। अब वह यहां बेबी फ्रॉक, फ्रॉक, पटियाला सूट और साया बनाने का प्रशिक्षण ले रही हैं।
वहीं नानगुर की खुश्बू सोरी ने बताया कि सेवा डेरा में उन्हें सिलाई के साथ-साथ कई अन्य चीजें सीखने का अवसर मिल रहा है। स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद वह यहां सिलाई का प्रशिक्षण ले रही हैं। उनका कहना है कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वह अपना स्वयं का काम शुरू करना चाहती हैं।
सेवा डेरा में आसपास के गांवों की कई युवतियां और महिलाएं प्रशिक्षण लेने पहुंच रही हैं। उनके लिए यह केंद्र केवल प्रशिक्षण का स्थान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने और अपने हुनर को रोजगार में बदलने की उम्मीद बन रहा है।
बस्तर के ग्रामीण अंचलों में सेवा डेरा सामुदायिक सहभागिता, स्थानीय परंपराओं और महिला स्वावलंबन को एक साथ जोडऩे की पहल के रूप में सामने आया है। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल को आजीविका से जोडक़र ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे ये प्रयास बस्तर में बदलाव की एक नई तस्वीर पेश कर रहे हैं।