बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 17 अगस्त। दो हफ्ते से लगातार अपनी मांग को लेकर हड़ताल कर रहे इंटर्न चिकित्सकों ने सोमवार की सुबह मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के पोर्च में चाय बेचने लगे। आने जाने वाले मरीजों के परिजनों से लेकर हर किसी को फ्री में चाय पिलाते अपना विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में पदस्थ इंटर्न चिकित्सक अपनी 1 सूत्रीय मांग को लेकर पिछले 14 दिनों से हड़ताल पर है। चिकित्सकों ने अपनी स्टाइफण्ड 15 हजार 9 सौ से बढ़ाकर 30 हजार करने के लिए सरकार को पत्र से लेकर निवेदन भी कर चुके हैं। लेकिन मांग पूरी नहीं होने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हंै।
अपनी मांग को पूरी करवाने के लिए इंटर्न चिकित्सकों ने सोमवार को अपने ही अस्पताल के कैम्पस में चाय बेचने लगे। उनका कहना था कि एक चाय वाला भी उसने ज्यादा कमाता है। जबकि डॉक्टर बनने के लिए उन्हें 4 वर्ष की कठोर पढ़ाई करके यहाँ तक पहुचे है, ऐसे में दूसरे राज्यों में जब सभी को स्टाइपेंड अच्छा मिल रहा है तो फिर हम लोगों को 15 हजार 900 ही क्यों?
मेकाज के इंटर्न चिकित्सक ने बताया कि मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में इंटर्न व पीजी रेजिडेंट के द्वारा अपने स्टाइपेंड बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर पिछले 14 दिनों से विरोध कर रहे हंै। उनका कहना है कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ के इंटर्न व पीजी रेजिमेंट को सबसे कम पैसा दिया जा रहा है।
मांग पूरी नहीं होने के कारण इंटर्न चिकित्सक अनिश्चिकालीन हड़ताल में चले गए है, और मेकाज में तालपतरी बिछाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे है।
इंटर्न का कहना था कि सभी इंटर्न व पीजी रेजिमेंट को मान सम्मान स्टाइपेंड हमारा अधिकार है। समयबद्ध स्टाइपेंड हमारी आवश्यकता है। इंटर्न व पीजी डॉक्टरों का शोषण बंद किया जाए। छत्तीसगढ़ में पीजी 1 स्टाइपेंड 67 हजार 5 सौ है जो सबसे कम है। जबकि छत्तीसगढ़ में इंटर्न को 15 हजार 9 सौ है। इंटर्न व पीजी के स्टाइपेंड में अन्य राज्यों की तुलना में सबसे कम है। मांग पुरी नही होने पर सभी इंटर्न अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चले गए है।