बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 7 अगस्त। बकावंड विकासखंड के संकुल केंद्र इरिकपाल में गुरुवार को संकुल स्तरीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला धोबीगुड़ा की प्रधान अध्यापिका सरस्वती श्रीवास्तव तथा प्राथमिक शाला इरिकपाल के प्रधान पाठक कुरसो राम ठाकुर के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम में बीईओ चंद्रशेखर यादव, बीआरसी सोनसिंह बघेल, सेजेस करीतगांव की प्राचार्य मोनिता पाणिग्राही, हाई स्कूल इरिकपाल की प्राचार्य मीना जाधव, भाजयुमो नेता नरेंद्र सेठिया, सरपंच संतोष कश्यप, एसएमडीसी अध्यक्ष प्रेम बघेल, पंच चमरू भारती, उप प्राचार्य जीवन लाल साहू, सीएसी पवन समरथ एवं अनंत देवांगन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में बीईओ चंद्रशेखर यादव ने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माण के शिल्पकार होते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
सेवानिवृत्त प्रधान अध्यापिका सरस्वती श्रीवास्तव ने अपने शिक्षकीय जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी पहली पदस्थापना भोपालपट्टनम के दूरस्थ क्षेत्र में हुई थी, जहां भाषा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं की कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने स्थानीय भाषा सीखकर बच्चों को शिक्षा देने का कार्य किया। उन्होंने अपने सेवाकाल में उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई सम्मान प्राप्त किए तथा अपने विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में पहचान दिलाई।
वहीं प्रधान पाठक कुरसो राम ठाकुर ने बताया कि उनकी पहली नियुक्ति के समय विद्यालय भवन तक उपलब्ध नहीं था। उन्होंने वर्षों तक पेड़ के नीचे बच्चों को शिक्षा दी और बाद में कई वर्षों तक सीएसी के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन सुभाष पांडे एवं प्रिया श्रीवास्तव ने किया। समारोह के अंत में ‘एक पेड़ मां के नाम ’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया तथा संकुल के सभी शिक्षकों, अतिथियों एवं कर्मचारियों के लिए स्नेह भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संकुल केंद्र इरिकपाल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, एसएमडीसी सदस्य, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।