बस्तर

गाय से गलत हरकत, आरोपी बंदी
02-Aug-2026 10:54 PM
गाय से गलत हरकत, आरोपी बंदी

जगदलपुर, 2 अगस्त। शहर में गाय के साथ गलत हरकत किए जाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही गौ रक्षा दल के सदस्यों ने तत्काल बोधघाट थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जय दास को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी गौवंश के साथ दुराचार करता हुआ दिखाई दे रहा है। कृत्य के दौरान एक स्थानीय महिला ने आरोपी को देख लिया और डंडे से पीटकर उसे मौके से भगाया।

घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए गौ सेवक मुन्ना कोरी ने कहा कि हिंदू धर्म में गाय को पवित्र माता का दर्जा दिया गया है और गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। उन्होंने कहा कि आरोपी जय दास द्वारा किया गया यह कृत्य न केवल सामाजिक एवं धार्मिक मान्यताओं पर आघात है, बल्कि अत्यंत घिनौना और अक्षम्य है। ऐसे विकृत मानसिकता वाले व्यक्तियों के खुले घूमने से न केवल गौवंश,बल्कि समाज में महिलाएं और बच्चियां भी असुरक्षित महसूस करती हैं।

गौसेवक रोहन कुमार ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पुलिस ने शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्यवाही की है। छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी पूर्व में इस प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं,जिससे समाज में गहरा असंतोष है।

बोधघाट पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जय दास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी एवं न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट