बस्तर
जगदलपुर, 31 जुलाई। बस्तर जिले की नगरनार पुलिस ने 8.375 किलोग्राम गांजा के साथ ओडिशा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 4.20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास एक युवक पीठ पर बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रदीप बेपारी ओडिशा बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 8 पैकेटों में कुल 8.375 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 4.20 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर रायपुर जा रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।