बस्तर

जेल की सलाखों के बीच सात फेरे, प्रेमिका ने कोर्ट पहुंच रचाई शादी
24-Jul-2026 9:59 PM
जेल की सलाखों के बीच सात फेरे, प्रेमिका ने कोर्ट पहुंच रचाई शादी

युवती के परिवार ने दर्ज कराई थी रेप की रिपोर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 24 जुलाई। जगदलपुर स्थित केंद्रीय जेल परिसर में कोर्ट के निर्देशानुसार शुक्रवार को एक युवक और युवती का विवाह कराया गया। युवक के विरुद्ध परपा थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज होने के बाद वह जेल में निरूद्ध था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परपा थाना क्षेत्र निवासी युवक और युवती के मध्य लंबे समय से प्रेम प्रसंग था। युवती के परिजनों द्वारा पूर्व में युवक के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने धारा 376 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया था।

युवक के जेल जाने के बाद युवती ने न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा। युवती ने अपने बयान में बताया कि दोनों बालिग हैं और परस्पर सहमति से विवाह करना चाहते हैं।

युवती के बयान दर्ज करने के उपरांत न्यायालय ने जेल व पुलिस प्रशासन को नियमानुसार विवाह संपन्न कराने के निर्देश जारी किए।

न्यायालयीन आदेश के परिपालन में जेल प्रशासन द्वारा जेल परिसर के भीतर ही आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। निर्धारित तिथि पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में प्रेमी जोड़े ने सात फेरे लेते हुए अग्नि को साक्षी मानकर पति-पत्नी बने।


अन्य पोस्ट