बस्तर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जगदलपुर, 12 जुलाई। बस्तर पुलिस ने गांजा की अवैध बिक्री और सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 55 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली जगदलपुर को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति फिरंता बाजार कुम्हारपारा क्षेत्र में गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्की परोशा निवासी फिरंता बाजार, कुम्हारपारा, जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी गांजा की बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और उसने गांजा बेचने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायालय (एनडीपीएस), जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।