बस्तर
डॉ. सुभाष मिश्रा स्वर्ण पदक से सम्मानित होने वाली राज्य की पहली सरकारी डॉक्टर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 9 जुलाई। महारानी अस्पताल नेत्र विभाग की प्रमुख डॉक्टर सरिता थॉमस की पहल पर हजारों नेत्रहीन रोगियों को नई रोशनी मिली है।
श्रीमती थॉमस ने अपनी पदस्थापना से अब तक 20 हजार से अधिक नेत्र रोगियों का सफल ऑपरेशन कर उनके आँखों की रोशनी लौटाई है। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धियों के लिए उन्हें राज्य सरकार से डॉ. सुभाष मिश्रा स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया है। यह सम्मान पाने वाली पूरे राज्य में पहली शासकीय महिला डॉक्टर है।
कोविड-19 के सबसे कठिन दौर में अस्पतालों पर अभूतपूर्व दबाव था। अनेक स्थानों पर सामान्य चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही थी, लेकिन बस्तर में स्वास्थ्य प्रशासन की ओर से नेत्र रोग विभाग समेत अन्य सभी विभागों में स्वास्थ्य सुविधाएं निरंतर जारी रखी गई। कोरोनाकाल के उन चिकित्सकिय पेशे के योद्धाओं में श्रीमती थॉमस की भूमिका की सराहना आज भी की जाती है।
जिला अस्पताल में समय-समय पर लगने वाले नेत्र रोग शिविरों व नियमित उपचार के दौरान डॉ. सरिता ने वर्ष 2018 से आज तक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए 20 हजार से अधिक नेत्र रोगियों की सफल सर्जरी कर उन्हें नई रोशनी प्रदान की है।
इसी योगदान के लिए उन्हें डॉ. सुभाष मिश्रा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इसके अलावा बस्तर जैसे बैकवर्ड एरिया में मोतियाबिंद के सबसे ज्यादा सफल ऑपरेशन के लिए ओडिशा के पुरी में 2023-24 में राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित किया गया। वर्ष 2018 में राज्य स्तर पर द्वितीय श्रेणी, 2019-20 में तृतीय और 2020-21 में प्रथम श्रेणी का अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह एक मिथक है कि सरकारी अस्पतालों में उचित उपचार नहीं होता है, लेकिन बस्तर के दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों में इन उपलब्धियां के चलते निश्चित रूप से जिला महारानी अस्पताल के प्रति विश्वसनीयता बड़ी है।