बस्तर
पट्टिकाओं पर तिथियां गायब
हरजीत सिंह पप्पू
जगदलपुर, 6 जुलाई (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की हकीकत चितापदर गांव में दम तोड़ती नजर आ रही है। यहां एक ही जगह पर 3 अलग-अलग साइन बोर्ड हैं। ये तीनों पट्टिकाएं अलग-अलग योजनाओं और लागत की हैं, लेकिन इनमें एक समानता है तीनों पर ‘कार्य पूर्ण होने की तिथि’ का कॉलम पूरी तरह गायब है।
सामुदायिक भवन और शौचालय के पास ही एक तरफ आंगनबाड़ी का निर्माण कार्य भी शुरू किया गया था, जो आज पूरी तरह अधूरा पड़ा है। केवल नींव तैयार हुई है और कॉलम खड़े कर दिए गए हैं, जबकि निर्माण सामग्री के नाम पर ईंटों का ढेर पड़ा हुआ है।
क्षेत्र के ग्रामीण सदन कश्यप, लकी राम, बुधराम बघेल व सोनसिह ने बताया कि सामुदायिक भवन के बगल में बना शौचालय निर्माण के बाद से ही पूरी तरह फालतू पड़ा हुआ है। न तो इसमें पानी की कोई व्यवस्था है और न ही इसका कोई उपयोग हो रहा है। इसके अलावा इसकी छत भी तेज हवा से उड़ गई है। शौचालय के पास बने खुले गड्ढे अब बच्चों के लिए एक बड़ा खतरा बन चुके हैं। खेलते हुए बच्चे अक्सर इनमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। जब इस बदहाली के संबंध में जगदलपुर जनपद पंचायत के सीईओ अमित भाटिया से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने निर्माण कार्य के अधर में लटके होने का कारण फंड की कमी बता दिया।
सरकारी दावों और धरातल की हकीकत के बीच चितापदर के मासूम ग्रामीण पिस रहे हैं। ग्रामीण अब आक्रोशित हैं और इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।