बस्तर

खेत में गाय का शिकार, पंजों के निशान मिले, वन विभाग अलर्ट
05-Jul-2026 9:39 PM
खेत में गाय का शिकार, पंजों के निशान मिले, वन विभाग अलर्ट

जगदलपुर, 5 जुलाई। नानगुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कैका चेरबहार में शुक्रवार रात एक हिंसक वन्यजीव ने खेत में बंधी गाय का शिकार कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

ग्रामीण हमलावर को बड़ा मांसाहारी वन्यजीव बता रहे हैं, जबकि वन विभाग ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाकर निगरानी बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित कैका चेरबहार गांव में शुक्रवार रात लगभग 9 बजे किसी जंगली जानवर ने एक गाय पर हमला कर उसे मार डाला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान खेत के आसपास पंजों के निशान मिले हैं। ग्रामीणों का दावा है कि हमला किसी बड़े हिंसक वन्यजीव ने किया है।

वहीं, वन विभाग का कहना है कि केवल पदचिह्नों के आधार पर किसी वन्यजीव की पहचान की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और पदचिह्नों का विशेषज्ञों द्वारा अध्ययन कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि हमलावर वन्यजीव गाय को मारने के बाद उसके शव को करीब 20 मीटर तक घसीटकर खेत की मेड़ के पास ले गया था। इस घटना के बाद कैका चेरबहार सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों में भय का माहौल है।

 वन विभाग ने लोगों से रात के समय अकेले खेतों और जंगल से लगे क्षेत्रों में नहीं जाने तथा किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।-


अन्य पोस्ट