बस्तर

बस्तर के डॉ. मूर्ति को प्राइड ऑफ नेशन की मानद उपाधि
04-Jul-2026 9:50 PM
बस्तर के डॉ. मूर्ति को प्राइड ऑफ नेशन की मानद उपाधि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 4 जुलाई। बस्तर जिले के आयुष विभाग (शासकीय यूनानी औषधालय) में पदस्थ यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. प्रकाश मूर्ति को  ‘प्राइड ऑफ नेशन 2026’ की मानद उपाधि के राज्य अलंकरण से सम्मानित किया गया है। भारतीय दलित साहित्य अकादमी, छत्तीसगढ़ द्वारा कबीर जयंती पर धमतरी में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।

 विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान

डॉ. बी. प्रकाश मूर्ति को यह मानद उपाधि उनके द्वारा साहित्यिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, स्वास्थ्य चिकित्सा और शैक्षणिक क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए दी गई है। डॉ. मूर्ति लंबे समय से चिकित्सा सेवा के साथ-साथ समाज और साहित्य के उत्थान के लिए सक्रिय रहे हैं।

बस्तर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करना लक्ष्य

इस प्रतिष्ठित सम्मान को प्राप्त करने के बाद डॉ. प्रकाश मूर्ति ने भारतीय दलित साहित्य अकादमी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा-मेरा हमेशा यह निरंतर प्रयास रहता है कि मैं अपनी चिकित्सा सेवा और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम देश स्तर पर रोशन कर सकूं। यह सम्मान मुझे भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी से काम करने की प्रेरणा देगा।

शुभचिंतकों और सहयोगियों ने दी बधाई

डॉ. मूर्ति की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर बस्तर संभाग और आयुष विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उनकी इस सफलता पर उन्हें लगातार बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं।


अन्य पोस्ट