बस्तर

नकटी के 85 घरों को तोडऩे के खिलाफ सडक़ पर उतरी कांग्रेस, सीएम का पुतला फूंका
03-Jul-2026 10:24 PM
नकटी के 85 घरों को तोडऩे के खिलाफ सडक़ पर उतरी कांग्रेस, सीएम का पुतला फूंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 3 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में  शुक्रवार को राज्य की भाजपा सरकार द्वारा ग्राम नकटी के 85 घरों को वर्षाकाल में तोड़े जाने के विरोध में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा -वर्षाकाल के इस मौसम में 85 गरीब परिवारों के घरों को तोडऩा और उन्हें सिर छुपाने की जगह से महरूम कर बेघर कर देना भाजपा सरकार की दूषित, अमानवीय और तुच्छ राजनीति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जो सरकार जनता को आशियाना नहीं दे सकती, उसे दूसरों का आशियाना उजाडऩे का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। श्री मौर्य ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इन पीडि़त ग्रामवासियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सडक़ से लेकर सदन तक हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि भाजपा सरकार तत्काल प्रभाव से ग्राम नकटी के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था करे। यदि पीडि़तों को जल्द ही उचित न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन को और उग्र करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

 पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,पूर्व सभापति कविता साहू,कोमल सेना,ग्रामीण अध्यक्ष महिला कांग्रेस चंपा ठाकुर, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, महामंत्री अभिषेक नायडू, सुभाष गुलाटी,जाहिद हुसैन,अल्ताफ उल्ला खान, अमरनाथ सिंह,सुषमा सुता,अनुराग महतो,यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा,व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा,ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव,फूलसिंह बघेल, सूर्यापाणि,संतोष सेठिया, ललिता राव,प्रवक्ता जावेद खान,विजेंद्र ठाकुर,विक्रांत सिंह, शादाब अहमद,सचिव मोहसिन खान,सलीम अली,शंकर सेन,वैभव नेताम,पार्षद शुभम यदू,अफरोज बेगम,जस्टिन भवानी आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट