बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर/ दंतेवाड़ा, 3 जुलाई । दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टोरेट के पास एक कार अनियंत्रित होकर सडक़ के बीच बने डिवाइडर से होते हुए बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में वाहन में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जगदलपुर निवासी एक युवक अपने ड्राइवर के साथ गीदम रोड पर कलेक्ट्रेट के समीप बन रहे अपने मकान का निर्माण कार्य देखने आए थे। गुरुवार देर रात वापस जगदलपुर लौटने के दौरान कलेक्ट्रेट के पास वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकरा गया। दुर्घटना के कारण कार के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना के तुरंत बाद आस-पास के स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई थी, फिर भी एहतियात के तौर पर रात में ही प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटनाग्रस्त कार को गुरुवार सुबह मार्ग से हटाया गया।