बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 1 जुलाई। बस्तर पुलिस विभाग में लंबे समय तक निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं देने वाले तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी 30 जून को अधिवर्षिता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
समारोह में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्जुन कुर्रे, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित धोत्रे, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुसंता लकड़ा, उप पुलिस अधीक्षक जयराम चेरमाको, रक्षित निरीक्षक अभिजीत सिंह भदौरिया सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों में निरीक्षक सुखराम पंथ, उप निरीक्षक मुन्ना राम भारद्वाज और सहायक उप निरीक्षक परसादी सिंह राज शामिल हैं।
निरीक्षक सुखराम पंथ ने पुलिस विभाग में 38 वर्ष 11 माह 15 दिन की सेवा पूर्ण की। उन्होंने वर्ष 1987 में आरक्षक के पद से अपनी सेवा प्रारंभ की और पदोन्नति प्राप्त करते हुए निरीक्षक पद तक पहुंचे। उनके सेवाकाल में उन्हें 25 नगद पुरस्कार और 67 प्रशंसा पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने बस्तर सहित बीजापुर, कांकेर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर एवं एनआईए रायपुर में सेवाएं दीं।
उप निरीक्षक मुन्ना राम भारद्वाज ने 35 वर्ष 9 माह 26 दिन की सेवा दी। वर्ष 1990 में आरक्षक पद से नियुक्त होकर उन्होंने प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक और उप निरीक्षक के पदों पर सेवाएं दीं।
उनके नाम 120 नगद पुरस्कार और 56 प्रशंसा पत्र दर्ज हैं। उन्होंने बस्तर, दंतेवाड़ा, जिविशा जगदलपुर और पुमनि कार्यालय बस्तर रेंज में कार्य किया।
सहायक उप निरीक्षक परसादी सिंह राज ने 38 वर्ष 11 माह 10 दिन की सेवा पूर्ण की। वर्ष 1987 में आरक्षक के पद से सेवा शुरू करने वाले राज को सेवाकाल में 30 नगद पुरस्कार और 85 प्रशंसा पत्र मिले। उन्होंने जिला बस्तर, थाना नगरनार, जगदलपुर और केशकाल में अपनी सेवाएं दीं।
विदाई समारोह के अंत में बस्तर पुलिस परिवार की ओर से तीनों अधिकारियों के सुखद, स्वस्थ और समृद्ध सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामना की गई।