बस्तर

सहकारी सप्ताह शुरु, बस्तर में सहकारिता जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान
29-Jun-2026 10:41 PM
सहकारी सप्ताह शुरु, बस्तर में सहकारिता जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान

जगदलपुर, 29 जून। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ के संभागीय कार्यालय जगदलपुर के प्रांगण में सहकारी सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष  मनोहरदत्त तिवारी ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में सहायक सहकारी शिक्षा अधिकारी विवेकानंद झा, प्रशिक्षक विवेक पांडे एवं समस्त कर्मचारियों द्वारा सहकारी गीत का गायन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री तिवारी ने कहा कि भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के सफल एवं गौरवपूर्ण 5 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई तक बस्तर में सहकारिता जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने सहकार से समृद्धि के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर देते हुए किसानों, महिलाओं एवं ग्रामीण समुदाय को सहकारिता से जोडऩे तथा सहकारी संस्थाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक सहकारी शिक्षा अधिकारी विवेकानंद झा एवं प्रशिक्षक  विवेक पांडे ने सदस्यों की आय वृद्धि में दुग्ध एवं मत्स्य समितियों की भूमिका विषय पर परिचर्चा की। वहीं प्रशिक्षक मितेश पाणिग्रही ने बहुउद्देशीय उपनियम का वाचन किया।

इस अवसर पर सहकारिता प्रकोष्ठ के सदस्य प्रेम कुमार यादव, चंद्रभान नागवंशी, सह संयोजक संतोष नाग, तुलसी देवांगन, धनुर्जय कश्यप, उमेश गुप्ता, उदय दुबे सहित राज्य सहकारी संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट