बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 जून। दलपत सागर की सफाई और विकास कार्यों को लेकर नगर पालिक निगम जगदलपुर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने महापौर के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा है कि दलपत सागर सफाई अभियान में निगम का पैसा खर्च नहीं होने का दावा स्पष्ट नहीं है और जनता के सामने पूरे खर्च का ब्यौरा रखा जाना चाहिए।
राजेश चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि सफाई अभियान के दौरान नगर निगम के वाहनों, ईंधन, वाहन चालकों और कर्मचारियों का उपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि 48 वार्डों से कर्मचारियों को बुलाकर सफाई अभियान चलाया गया, जिनका भुगतान भी नगर निगम से ही हुआ। ऐसे में यह कहना कि निगम का एक भी पैसा खर्च नहीं हुआ, वास्तविकता से अलग है।
उन्होंने कहा कि यदि सफाई अभियान में जनसहयोग, संस्थाओं, सीएसआर, डीएमएफटी या अन्य मदों से राशि प्राप्त हुई है तो उसकी जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए। जनता को यह बताया जाए कि किस स्रोत से कितना पैसा और संसाधन लगाया गया।
नेता प्रतिपक्ष ने दलपत सागर में उपयोग की गई मशीन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सामान्य सभा में मशीन के सफल नहीं होने की बात कही गई और बाद में स्थानीय स्तर पर मशीन तैयार करने का दावा किया गया, लेकिन आज तक संबंधित मैकेनिक को भुगतान नहीं किया गया है।
राजेश चौधरी ने दलपत सागर उन्नयन के लिए स्वीकृत करीब 9.88 करोड़ रुपये की राशि पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक इस राशि से कौन-कौन से कार्य हुए हैं, इसकी जानकारी महापौर को जनता के सामने रखनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी क्षेत्र में विकास कार्यों के नाम पर कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है और मांग की कि दलपत सागर क्षेत्र के पुराने राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जांच के बाद ही आगे के कार्य किए जाएं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दलपत सागर शहर की पहचान है और इसके संरक्षण के लिए पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने महापौर से अपील की कि सफाई अभियान और विकास कार्यों में खर्च हुई राशि, संसाधनों और सहयोग का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए ताकि जनता के सामने स्थिति स्पष्ट हो सके।