बस्तर
अंदरूनी क्षेत्रों में बीएसएनल ने पहुंचाई 4G मोबाइल सेवा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 जून। बीएसएनएल भारत संचार निगम लिमिटेड की ओर से लगातार इंटरनेट मोबाइल सेवाओं का ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तार किया जा रहा है। लाल आतंक से निजात पाने के बाद अब तेजी से मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ रही है। संचार सेवाओं से जुडऩे के बाद ग्रामीणों के जीवन शैली में आमूल चूल परिवर्तन हो रहा है।
इंटरनेट कनेक्टिविटी से ग्रामीणों को जहां विभिन्न शासकीय योजनाओं का डिजिटल माध्यम से लाभ मिलेगा, वहीं ऑनलाइन कक्षाएं व स्वास्थ्य सेवाओं में भी तेजी आएगी। छोटे-मोटे काम के लिए उन्हें मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
बीएसएनल ने बीजापुर जिले के सुदूर गांव गोखुर, पोलेमपल्ली, छतपलवी, पोते पलवी, भण्डारपाल, मट्टेमरका, सोमनपल्ली, भाटपलवी, चेरेकड्डी, वाडला व चनकापल्ली आदि गावों में मोबाईल फोरजी मोबाइल व इंटरनेट सेवाओं के तहत टावर लगाए जा रहे हैं।
बीजापुर जिले के दूरस्थ गांव में 45 टावर खड़े किए जा चुके हैं, वहीं बस्तर में 375 नए टावर लगाए जाने का कार्य प्रगति पर है। मोबाइल कनेक्शन से जुडऩे पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बीएसएनएल व प्रशासन का आभार माना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहा संचार सेवाओं का विस्तार
बीएसएनल के प्रधान महाप्रबंधक शरत चंद तिवारी का कहना है कि बीएसएनएल की ओर से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट व मोबाइल नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है बस्तर के वनांचल क्षेत्र में 350 नए टावर लगाई जा रहे हैं।