बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 29 जून। सेजस शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 जगदलपुर के जूनियर विंग की छात्रा निहारिका यादव को एनसीसी यूनिट 10 छग (स्वतंत्र) कंपनी जगदलपुर द्वारा बेस्ट कैडेट ऑफ यूनिट चुना गया है। इसके तहत उन्हें 6,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह पुरस्कार अनुशासन, ड्रिल, फायरिंग, लिखित परीक्षा और व्यक्तित्व के मूल्यांकन के आधार पर दिया जाता है।
निहारिका ने बताया कि जूनियर विंग के इस सत्र में उसने तीन कैंपों में भाग लिया है-फायरिंग कैंप राजनांदगांव में उन्होंने राइफलों और फायरिंग पोजीशन की जानकारी प्राप्त की। आरडीसी कैंप रायगढ़ में उन्होंने सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया। संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में उन्हें बेस्ट फायरर के रूप में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर डी. के. पात्रा ने मेडल देकर सम्मानित किया था।
निहारिका यादव शैक्षणिक स्तर पर इस वर्ष दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 88 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण हुई हैं। इसके साथ ही वे नृत्य, संगीत, भाषण, कविता और खेल जैसी अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं।
निहारिका की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्य और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी है। छात्रा ने अपनी इस सफलता का श्रेय शाला की प्राचार्य सुधा परमार, कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बॉबी जोसेफ और एनसीसी अधिकारी सेकंड ऑफिसर जैमवती ठाकुर को दिया है।