बस्तर

बस्तर के कोचिंग सेंटरों में मिली कमियां
28-Jun-2026 10:17 PM
बस्तर के कोचिंग सेंटरों में मिली कमियां

संचालकों को सख्त निर्देश, समय सीमा तय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 28 जून। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आगजनी के बाद बस्तर जिले में भी कोचिंग सेंटर में पढऩे वाले बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए कोचिंग सेंटरों और स्कूलों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जांच टीम ने 2 शैक्षणिक संस्थानों और 18 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया, जहां सुरक्षा व्यवस्था में कमियां पाई गईं।

दो दिन पूर्व जारी किया गया था नोटिस

इस कार्रवाई से पहले सभी 18 कोचिंग सेंटरों और 2 शैक्षणिक संस्थानों को नियमानुसार नोटिस जारी कर निरीक्षण की सूचना दी गई थी। निर्धारित समय पर अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि अधिकांश कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी के मानकों का पूर्ण पालन नहीं हो रहा है। कुछ संस्थानों में केवल फायर एक्सटिंग्युशर (अग्निशामक यंत्र) रखे मिले, जबकि कई जगहों पर फायर एग्जिट (आपातकालीन निकास मार्ग) और अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं थीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कोचिंग संचालकों, प्रबंधन और कर्मचारियों को फायर सेफ्टी नियमों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशासन ने सभी प्रबंधकों को तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपकरण स्थापित करने, आपातकालीन निकास मार्ग (फायर एग्जिट) बनाने और संपूर्ण फायर सेफ्टी सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर इन सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं किया गया, तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट