बस्तर

बास्तानार में शाला प्रवेश उत्सव
26-Jun-2026 4:16 PM
बास्तानार में शाला प्रवेश उत्सव

सांसद-विधायक ने नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 25 जून। शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोडऩे के उद्देश्य से बास्तानार विकासखंड में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमामय माहौल में किया गया। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप विशेष रूप से शामिल हुए।

जनप्रतिनिधियों ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें गणवेश वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।

विधायक विनायक गोयल ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों, पालकों और जनप्रतिनिधियों से मिलकर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और माता-पिता व शिक्षकों का सम्मान करने की सीख दी।

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना, ड्रॉपआउट बच्चों को पुन: शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩा और विद्यालयों में सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।

गौरतलब है कि बास्तानार विकासखंड में कुल 29 संकुल और 229 विद्यालय संचालित हैं। शिक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऐसे बच्चों की पहचान की जा रही है जो किसी कारणवश विद्यालय से दूर हैं, ताकि उन्हें दोबारा स्कूल से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, मंडल अध्यक्ष सुनील कुहरामी, जिला मंत्री नारायण सिंह ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष रूपाराम मुचाकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शाला प्रवेश उत्सव ने बास्तानार विकासखंड में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम ने यह साबित किया कि शिक्षा ही प्रगति, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य का मजबूत आधार है।


अन्य पोस्ट