बस्तर

सील गोदाम से खाद चोरी का आरोप कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला
26-Jun-2026 4:12 PM
सील गोदाम से खाद चोरी का आरोप  कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 25 जून। ग्राम नानगुर में उर्वरक चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। राजीव भवन जगदलपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में कृषि व्यवस्था संकट में है और किसानों के साथ अन्याय हो रहा है।

सात सदस्यीय कांग्रेस जांच समिति, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी एवं शहर महामंत्री अभिषेक नायडू की मौजूदगी में रेखचंद जैन ने कहा कि अनन्या कृषि केंद्र के निजी गोदाम को कृषि विभाग ने अनियमितताओं के चलते सील किया था, लेकिन इसके बाद भी प्रशासनिक लापरवाही के कारण गोदाम आरोपियों के सुपुर्द कर दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम में रखी 338 बोरी पोटाश का कोई वैध दस्तावेज नहीं था, जबकि 1320 बोरी यूरिया रिपा गोठान में सीलबंद रखी गई थी। आरोप है कि सरकारी सील तोडक़र खाद को अवैध रूप से बाजार में बेच दिया गया।

रेखचंद जैन ने कहा कि इस मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन कांग्रेस द्वारा जांच समिति गठित किए जाने के बाद कृषि विभाग सक्रिय हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के दबाव में विभाग ने जांच दल गठित कर एफआईआर दर्ज कराई। मामले में दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है तथा अनन्या कृषि केंद्र के संचालक का लाइसेंस निरस्त किया गया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर विभाग इतने समय तक चुप क्यों रहा और कार्रवाई में देरी क्यों हुई।

पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक ने खाद की कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के दामों में करीब 40 प्रतिशत तक वृद्धि से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। स्थानीय स्तर पर खाद की कमी के कारण किसान परेशान हैं और उन्हें पड़ोसी राज्य उड़ीसा से ब्लैक में खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है।

रेखचंद जैन ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीन पर किसान महंगाई, कृषि संकट और बढ़ती लागत से परेशान हैं।

उन्होंने मांग की कि भाजपा सरकार किसानों को राहत देते हुए आगामी धान खरीदी के लिए 4000 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने की घोषणा करें।

इस दौरान महामंत्री विजय सिंह, प्रशांत जैन, ब्लॉक अध्यक्ष फूलसिंह बघेल, रविशंकर तिवारी, दयाराम कश्यप, लता निषाद, एस. नीला, मोहसिन खान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट