बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 15 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 241 बस्तरिया बटालियन द्वारा रविवार को सेडवा स्थित वाहिनी मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्व. बालीराम कश्यप मेमोरियल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, डिमरापाल के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर में बटालियन के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 24 कार्मिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है, जिससे जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों को भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए नियमित रूप से रक्तदान करने की शपथ भी ली। शिविर में उप कमांडेंट प्रमोद कुमार मीणा सहित बटालियन के अधिकारी, जवान एवं मेडिकल कॉलेज डिमरापाल के चिकित्सक और उनकी टीम उपस्थित रही।


