बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 13 जून। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए बस्तर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए 312 मॉडिफाइड (कानफोड़ू) साइलेंसर और 40 प्रेशर हॉर्न को रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
कोतवाली परिसर में आयोजित इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में जब्त सामग्री को नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार पिछले दो वर्षों से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं यातायात शाखा द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे साइलेंसर और हॉर्न से निकलने वाली तेज आवाज आम लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है तथा ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है। इसलिए इन्हें जब्त कर नष्ट किया गया।
इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सुमित धोत्रे, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष जैन, यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग, बोधघाट थाना प्रभारी टामेश चौहान सहित यातायात एवं थाना स्टाफ मौजूद रहे।


