बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 8 जून। बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के घर से 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम केशरपाल आवासपारा में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से गांजा बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना के आधार पर थाना भानपुरी पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी के घर पर दबिश दी। घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने अपना नाम किशोर बघेल निवासी केशरपाल आवासपारा, थाना भानपुरी, जिला बस्तर बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के एक कमरे में रखे नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम से 33.25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 16 लाख 62 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर लिया।
जांच में आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।


