बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 4 जून। नगर निगम के इंदिरा वार्ड उपचुनाव में कांग्रेस ने अपना मजबूत जनाधार बरकरार रखते हुए शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को 436 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर विजय हासिल की। इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने इस जीत को जनता का कांग्रेस की विकासपरक नीतियों और कार्यों पर विश्वास बताया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भाजपा ने प्रदेश स्तर से लेकर स्थानीय स्तर तक अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन ने चुनाव प्रचार में पूरी सक्रियता दिखाई, लेकिन इंदिरा वार्ड की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया।
सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव में धनबल, सत्ता और प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल करने का प्रयास किया, लेकिन वार्ड की जागरूक जनता ने इन सभी प्रयासों को नकारते हुए कांग्रेस के विकास कार्यों पर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता ने पूर्व पार्षद दिवंगत रशीद खान के कार्यों और योगदान को याद करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है। यह जीत रशीद खान के अधूरे सपनों और वार्ड के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने वाली जीत है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने इस सफलता का श्रेय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, चुनाव प्रभारियों, अग्रिम संगठनों तथा बूथ स्तर तक कार्यरत कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता को दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण के कारण कांग्रेस ने अपने इस अभेद गढ़ को सुरक्षित रखा है।
नवनिर्वाचित पार्षद रामकृष्ण तिवारी और शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने इंदिरा वार्ड की जनता, वरिष्ठ कांग्रेसजनों तथा सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वार्ड के विकास कार्यों को और गति दी जाएगी तथा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।


