बस्तर
जगदलपुर, 4 जून। बस्तर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना बोधघाट की टाउन पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेटगुड़ा नर्सरी के पास एक युवक बटनदार चाकू लेकर खड़ा है और आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक डी. धोत्रे सुमित कुमार दत्ता हरिराव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक युवक को चाकू लहराते हुए पाया। पूछताछ में उसने अपना नाम नरेंद्र भारसा उर्फ मोदी निवासी संजय गांधी वार्ड, जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


